बिहार के भोजपुर जिले में पटना एसटीएफ और पुलिस ने अंतरराज्यीय कारतूस तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने आरा-पटना एनएच-922 पर कुल्हड़िया टोल प्लाजा के पास एक एसयूवी से 19 हजार से अधिक कारतूस बरामद किए हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कारतूस उत्तर प्रदेश के बदायूं से बिहार लाए जा रहे थे।
19,200 कारतूस और लोडेड पिस्टल बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद कारतूसों की शुरुआती संख्या करीब 19,200 बताई गई है। इनमें अलग-अलग बोर के कारतूस शामिल हैं, जिनमें 7.65 एमएम के कारतूस भी हैं। इसके अलावा एक मैगजीन और लोडेड पिस्टल भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर के सारस कुमार और लल्टू कुमार तथा सीवान के चंदन तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
सीट के नीचे छिपाई थी कारतूसों की खेप
जांच के मुताबिक, आरोपी रविवार रात वाराणसी में रुके थे और सोमवार सुबह बिहार की ओर बढ़े। एसटीएफ को पहले ही खेप के बिहार पहुंचने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद कुल्हड़िया टोल प्लाजा और मनभावन मोड़ के आसपास पुलिस ने घेराबंदी कर टाटा हैरियर एसयूवी को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कारतूस सीट के नीचे छिपे मिले। शुरुआती जांच में पूरी खेप बरामद नहीं हुई, जिसके बाद वाहन के नट-बोल्ट खोलकर बारीकी से तलाशी ली गई। तब हजारों कारतूस सामने आए।
भागने की कोशिश में दो वाहनों को मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी देखकर आरोपियों ने गाड़ी पीछे कर भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी एसयूवी एक दूसरी हैरियर से टकरा गई। आगे निकलने के प्रयास में एक टाटा नेक्सॉन को भी टक्कर लगी। हालांकि, पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
मोबाइल और व्हाट्सएप चैट की जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कारतूसों की सप्लाई मुजफ्फरपुर, सीवान, सुपौल और दरभंगा समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में की जानी थी। अब पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट खंगाल रही है।
सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह के मुताबिक, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदायूं में कारतूस किससे खरीदे गए और बिहार में इनके खरीदार कौन थे।