Brazil Election 2026: ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में दक्षिणपंथी उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो ने मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से बढ़त बना ली है। लगभग पूरी मतगणना के बाद फ्लावियो को 47.03% वोट मिले, जबकि लूला 45.16% वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। किसी भी उम्मीदवार को 50% से ज्यादा वोट नहीं मिलने के कारण अब दोनों के बीच 25 अक्टूबर को दूसरे दौर का मुकाबला होगा।
फ्लावियो की बढ़त ने बदला समीकरण
फ्लावियो बोल्सोनारो पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे हैं और पहली बार राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। पहले दौर में उनकी बढ़त ऐसे समय आई है जब चुनाव से पहले कई सर्वेक्षणों में लूला और फ्लावियो के बीच करीबी मुकाबला दिखाया गया था।
25 अक्टूबर को होगा फैसला
ब्राजील के चुनाव नियमों के मुताबिक राष्ट्रपति बनने के लिए पहले दौर में वैध वोटों का आधे से अधिक हिस्सा हासिल करना जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर सबसे ज्यादा वोट पाने वाले दो उम्मीदवार दूसरे दौर में आमने-सामने होते हैं। अब ब्राजील के मतदाता लूला और फ्लावियो में से किसी एक को चुनेंगे।
दूसरे दौर से पहले दोनों उम्मीदवारों के लिए उन मतदाताओं का समर्थन अहम होगा, जिन्होंने पहले दौर में अन्य उम्मीदवारों को वोट दिया था।