दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान ने हवा में इमरजेंसी सिग्नल जारी किए। विमान ने पहले 7700 कोड भेजा, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत है। इसके बाद कुछ समय के लिए 7500 कोड प्रसारित हुआ, जिसे विमान में गैर-कानूनी हस्तक्षेप या संभावित हाईजैकिंग से जोड़ा जाता है।
घटना के बाद इजरायल में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और रिपोर्टों के मुताबिक लड़ाकू विमानों को भी रवाना किया गया। इस बीच विमान ने अपना रास्ता बदल लिया और सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाईदुबई ने भी पुष्टि की कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
शुरुआती आशंका हाईजैकिंग की थी, लेकिन बाद में इजरायली अधिकारियों के हवाले से सामने आया कि विमान में पायलटों के बीच शारीरिक झड़प हुई थी। अधिकारियों ने घटना को हाईजैकिंग नहीं माना है। मामले की जांच जारी है और घटना के पूरे कारणों की समीक्षा की जा रही है।
फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे। घटना के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रखा गया है।