उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान हुआ हंगामा अब कांग्रेस विधायक हरीश धामी के लिए बड़ी मुश्किल बनता जा रहा है। मंच पर तोड़फोड़ और माइक-कुर्सियां फेंकने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विधायक हरीश धामी और एक अन्य आरोपी मनोहर टोलिया अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।
बोलने का मौका नहीं मिलने पर भड़के थे विधायक
दरअसल, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के धारचूला में जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला। विधायक का आरोप था कि मुख्यमंत्री के सामने उन्हें बोलने नहीं दिया गया और जब उन्होंने अपनी बात रखनी चाही तो उनका माइक बंद कर दिया गया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद विधायक और उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि समर्थकों ने मंच पर हंगामा करते हुए माइक और कुर्सियां फेंक दीं। इस दौरान मंच पर तोड़फोड़ भी की गई। इस घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया और अब कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
पुलिस ने तड़के चार आरोपियों को दबोचा
पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे के मुताबिक, इस मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार तड़के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सौरव मर्तोलिया, नृप सिंह, विक्रम दानू और रामू रोकाया के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई थीं। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे, जिसके चलते उनकी तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गईं।
पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। दोनों की तलाश जारी है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने जौलजीबी थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। इनमें धारा 121, 132, 191(2), 324(2) और 352 शामिल हैं। ये धाराएं चोट पहुंचाने, लोक सेवक को ड्यूटी करने से रोकने के लिए हमला करने, दंगा करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने जैसे आरोपों से जुड़ी हैं।
इस मामले में पुलिस अधिकारी हरेंद्र सिंह नेगी की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई थी। अब चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हरीश धामी और बीजेपी के बीच जुबानी जंग
मंच पर हुए हंगामे के बाद उत्तराखंड में बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का जनाधार खत्म हो रहा है और इसी वजह से उसके नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।
वहीं, विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को डरपोक बताते हुए उन पर जनता की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने बीजेपी नेता को अपने खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
कांग्रेस ने भी अपने विधायक का बचाव किया है। पार्टी का कहना है कि हरीश धामी जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रशासन के जरिए विपक्ष के जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब विधायक हरीश धामी की गिरफ्तारी पर नजर
जौलजीबी मेले में शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक टकराव के साथ कानूनी लड़ाई में भी बदल चुका है। चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नजर अब फरार विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया पर है। दूसरी तरफ कांग्रेस इस कार्रवाई को जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जोड़ रही है, जबकि बीजेपी विधायक के व्यवहार पर सवाल उठा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुलिस जल्द ही विधायक हरीश धामी को गिरफ्तार कर पाएगी या यह मामला उत्तराखंड की राजनीति में एक और बड़ा विवाद बनकर सामने आएगा?