जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। दक्षिण कश्मीर के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में लश्कर का कमांडर लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों के संयुक्त अभियान के दौरान हुई। 11 नवंबर को CRPF की नाका पार्टी पर हुए हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों ने इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया था।
11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुआ था हमला
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में आतंकियों ने CRPF की नाका पार्टी को निशाना बनाया था। दोपहर करीब 2:15 बजे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग की, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी घने पेड़ों और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे।
हमले के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और घायल जवानों को संदिग्ध आतंकियों की तस्वीरें दिखाई गईं। इस दौरान जवानों ने लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट की पहचान हमलावरों में से एक के तौर पर की। पुलिस के मुताबिक, लतीफ भट कुलगाम का रहने वाला था और घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकियों में शामिल था। उस पर दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई हमलों में शामिल होने का आरोप था।
सुरक्षाबलों को मिले अहम सुराग
CRPF के जम्मू-कश्मीर जोन के स्पेशल डीजी संदीप खिरवार ने बताया कि सुरक्षाबलों ने इलाके में ऑपरेशन शुरू कर दिया था। अभियान के दौरान कुछ अहम सुराग और जानकारियां मिलीं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षाबलों का अभियान जारी रहेगा।
खिरवार के मुताबिक, सुरक्षाबलों को उम्मीद है कि मिले इनपुट के आधार पर ऑपरेशन को उसके तार्किक अंजाम तक पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने जवानों को ऑपरेशनल अनुशासन बनाए रखने, मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP का पालन करने और हर स्थिति में सतर्क रहने के निर्देश भी दिए हैं।
घायल जवानों की हालत में सुधार
मुठभेड़ और ऑपरेशन के बीच CRPF के स्पेशल डीजी ने घायल जवानों की सेहत को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी जवान भगवान की कृपा से ठीक हैं। साथ ही उन्होंने मेडिकल अधिकारियों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने घायल जवानों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
कुलगाम में दो आतंकियों के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। हालांकि, इलाके में अभियान जारी है और सुरक्षाबल पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। अब सवाल यह है कि क्या इस कार्रवाई के बाद दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा?