देश में सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट ने अब गोल्ड लोन बाजार की चिंता बढ़ा दी है। हालात को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भी सतर्क हो गया है। केंद्रीय बैंक ने नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों यानी NBFC के बड़े अधिकारियों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक अहम बैठक की। इस बैठक में गोल्ड लोन देने के नियमों, ग्राहकों की किस्तों और कंपनियों के कामकाज पर विस्तार से चर्चा हुई। RBI ने कंपनियों को साफ संकेत दिया है कि मौजूदा हालात में गोल्ड लोन देते समय किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
दरअसल, पिछले करीब एक महीने में सोने की कीमतें अपने ऊपरी स्तर से लगभग 30 फीसदी तक नीचे आने की बात सामने आई है। कुछ बाजार अनुमानों में यह गिरावट 35 से 40 फीसदी तक बताई जा रही है। इसका सीधा असर उन कंपनियों पर पड़ रहा है, जो ग्राहकों के सोने को गिरवी रखकर कर्ज देती हैं। सोने की कीमत कम होने से गिरवी रखे गए सोने की मौजूदा कीमत और उस पर दिए गए कर्ज के बीच का अंतर घटने लगा है।
LTV रेशियो बिगड़ने का खतरा
गोल्ड लोन कारोबार में सबसे बड़ी चिंता लोन-टू-वैल्यू यानी LTV रेशियो को लेकर है। आसान भाषा में समझें तो LTV यह बताता है कि गिरवी रखे गए सोने की कीमत के मुकाबले ग्राहक को कितना कर्ज दिया गया है। RBI के नियमों के मुताबिक, गोल्ड लोन पर अधिकतम 85 फीसदी तक की सीमा लागू है। लेकिन जब सोने की कीमत अचानक गिरती है, तो पहले से दिए गए कर्ज का अनुपात बढ़ जाता है। ऐसे में कुछ पुराने लोन निर्धारित सीमा से बाहर जाने के करीब पहुंच सकते हैं। यही वजह है कि RBI कंपनियों को अपने जोखिम का दोबारा आकलन करने की सलाह दे रहा है।
गोल्ड लोन का NPA भी हुआ दोगुना
कंपनियों की दूसरी बड़ी परेशानी फंसे हुए कर्ज यानी NPA में बढ़ोतरी है। ट्रांसयूनियन सिबिल के आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2026 को गोल्ड लोन का NPA अनुपात 0.16 फीसदी था, जो अगस्त के अंत तक बढ़कर 0.30 फीसदी हो गया। यानी कुछ ही महीनों में यह लगभग दोगुना हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, जिन ग्राहकों के पास एक से ज्यादा गोल्ड लोन खाते हैं, उनमें भुगतान में देरी की समस्या ज्यादा देखी गई है।
किस्तों के नियम बदलने से भी बढ़ी परेशानी
इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक, गोल्ड लोन के भुगतान से जुड़े नियमों में बदलाव भी इसकी एक बड़ी वजह हो सकता है। पहले एक साल से ज्यादा अवधि वाले कई गोल्ड लोन में ग्राहक पूरी अवधि खत्म होने पर मूलधन और ब्याज एक साथ चुका सकते थे। इस व्यवस्था को बुलेट पेमेंट कहा जाता है।
लेकिन अब RBI के नए निर्देशों के तहत एक साल से ज्यादा अवधि वाले कर्ज पर कंपनियों को हर महीने ब्याज की वसूली सुनिश्चित करनी होती है। इससे ग्राहकों को नियमित किस्तों के हिसाब से अपनी आर्थिक योजना बनानी पड़ रही है। कई लोगों को इस नई व्यवस्था के साथ तालमेल बैठाने में परेशानी हो रही है।
कुल मिलाकर, सोने की कीमतों में गिरावट, LTV रेशियो पर बढ़ता दबाव और NPA में इजाफा गोल्ड लोन कंपनियों के लिए नई चुनौती बन रहे हैं। अब RBI की नजर इस बात पर है कि कंपनियां अपने कर्ज के जोखिम को कैसे नियंत्रित करती हैं और ग्राहकों के भुगतान को लेकर क्या कदम उठाती हैं।