बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान रविवार को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर अभिनेता की एक झलक पाने के लिए फैंस उत्साहित नजर आए। आधी रात को शाहरुख ने अपने परिवार और दोस्तों के साथ मुंबई के ताज होटल में जन्मदिन सेलिब्रेट किया।
हालांकि, इस बार फैंस को मन्नत के बाहर अपने पसंदीदा सितारे की झलक नहीं मिल सकी, लेकिन ताज होटल के बाहर उन्हें शाहरुख को देखने का मौका जरूर मिला। होटल से बाहर निकलते समय अभिनेता ने वहां मौजूद प्रशंसकों की ओर हाथ हिलाया और फ्लाइंग किस देकर उनका अभिवादन किया। शाहरुख की इस झलक ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया।
सलमान खान ने खास अंदाज में किया था बर्थडे विश
शाहरुख खान के जन्मदिन पर सलमान खान का एक पुराना वीडियो भी चर्चा में आ गया है। यह वीडियो साल 2019 का बताया जा रहा है, जिसमें सलमान खान अपने खास अंदाज में शाहरुख को जन्मदिन की बधाई देते नजर आते हैं।
वीडियो में सलमान, शाहरुख का सिग्नेचर स्टेप करते हुए गाने के जरिए उन्हें विश करते हैं। इस दौरान सोहेल खान, जैकलीन फर्नांडीज और सोनाक्षी सिन्हा समेत कई सितारे भी मौजूद दिखाई देते हैं।
वीडियो के आखिर में सलमान मजाकिया अंदाज में कहते हैं, 'कॉल तो उठा ले।' उनकी इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं। सोनाक्षी सिन्हा भी मजाक में 'वेरी बैड, वेरी बैड' कहती सुनाई देती हैं।
शाहरुख के जन्मदिन पर उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के दोस्त सोशल मीडिया पर बधाइयां दे रहे हैं।