पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान आतंकवाद और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के प्रमुख हाफिज सईद से जुड़े सवालों का सामना करना पड़ा। न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुंचने और वहां से निकलने के दौरान पत्रकारों ने उनसे आतंकवादियों को पनाह देने और हाफिज सईद पर मुकदमा चलाने को लेकर सवाल किए। शहबाज शरीफ ने इन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब पाकिस्तानी पीएम UN मुख्यालय में प्रवेश कर रहे थे, तब एक पत्रकार ने पूछा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना कब बंद करेगा। बाद में बाहर निकलते समय उनसे पूछा गया कि लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद पर मुकदमा कब चलाया जाएगा। दोनों मौकों पर उन्होंने प्रतिक्रिया नहीं दी। इन दोनों घटनाओं के वीडियो भी सामने आए हैं।
हाफिज सईद लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है और भारत में 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मामले में वांछित आरोपी है।
इसी UNGA के दौरान शहबाज शरीफ ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारीक रहमान से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, संपर्क और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।