बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन अपनी फिल्मों और अभिनय के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं। 30 अक्टूबर की सुबह उन्होंने एक ऐसा पोस्ट साझा किया, जिसने उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया। ऋतिक की इस पोस्ट में जिंदगी, ज्ञान, अज्ञानता और आध्यात्मिकता को लेकर गहरी बात कही गई है।
ऋतिक ने पोस्ट में क्या लिखा?
ऋतिक रोशन ने अपनी पोस्ट में लिखा, "आप अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा समझदारी, ज्ञान और स्पष्टता की तलाश में गुजार देते हैं, सिर्फ यह समझने के लिए कि अज्ञानता में ही असल सुकून था।"
उन्होंने आगे लिखा, "ये सचमुच मूर्खों की दुनिया है... और शायद ये दुनिया वाकई उन्हीं की है। शायद ज्ञान की आखिरी सीढ़ी, या आध्यात्मिकता का अंतिम पड़ाव ही यही है कि इंसान होशोहवास में एक कदम पीछे खींच ले। वापस फिर से वही 'मूर्ख' बन जाने के लिए।"
सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर चर्चा
ऋतिक की इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है। उनके फैंस पोस्ट के मायने समझने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोग इसे जिंदगी के अनुभव और मानसिक शांति से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे ज्ञान और समझदारी पर एक दार्शनिक विचार मान रहे हैं।
हालांकि, अभिनेता ने इस पोस्ट के जरिए किसी खास घटना या व्यक्ति का जिक्र नहीं किया है। ऐसे में इसके पीछे की वजह को लेकर कोई निश्चित जानकारी सामने नहीं आई है।