प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की युवा पीढ़ी, खासकर Gen Z को संबोधित करते हुए रील्स संस्कृति और शॉर्टकट की सोच से बचने की सलाह दी है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ‘ट्रायम्फ ऑफ द इंडियन रिपब्लिक: माई लाइफ, माई स्ट्रगल्स’ के विमोचन कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि आज सोशल मीडिया और इन्फ्लुएंसर्स का दौर है, लेकिन युवाओं को केवल रील्स और त्वरित सफलता के पीछे नहीं भागना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से महान व्यक्तित्वों की आत्मकथाएं पढ़ने का आग्रह करते हुए कहा कि जीवन के संघर्ष, ईमानदारी और समर्पण की असली सीख किताबों और अनुभवों से मिलती है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर लिखे एक संदेश का जिक्र करते हुए कहा, “शॉर्ट कट विल कट यू शॉर्ट”, यानी सफलता के लिए कोई आसान और त्वरित रास्ता नहीं होता।
पीएम मोदी ने कहा कि रामनाथ कोविंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा संघर्ष, मेहनत और मूल्यों की ताकत को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को भविष्य में रामनाथ कोविंद जैसे लाखों युवा चाहिए, जो राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के मूल्यों को अपनाकर देश के विकास में योगदान दें।