दिवाली के बाद राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। सुबह के समय दिल्ली के आसमान में धुएं और स्मॉग की मोटी परत छाई रही, जिससे सड़कों पर विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई। कई जगहों पर लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
प्रदूषण के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह के समय दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 के पार दर्ज किया गया। सोनिया विहार में AQI 449, बुराड़ी क्रॉसिंग में 445, विवेक विहार में 441 और जहांगीरपुरी में 439 रिकॉर्ड किया गया। वहीं रोहिणी में 435, नॉर्थ कैंपस में 437, डीटीयू में 431 और बवाना में 422 AQI दर्ज हुआ। इसके अलावा चांदनी चौक, मुंडका, पंजाबी बाग और ITO समेत कई इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा रहा।
हवा में PM2.5 और PM10 जैसे खतरनाक कणों की मात्रा भी सामान्य से कई गुना अधिक बताई जा रही है। ये बेहद छोटे कण सांस के जरिए शरीर के अंदर पहुंचकर फेफड़ों और दिल पर बुरा असर डाल सकते हैं। प्रदूषण का सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को है।
प्रदूषण के बीच सेहत को लेकर भी सावधानी बरतना जरूरी है। अगर आंखों में जलन, आंखों से पानी आना, गले में खराश, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, सांस लेते समय आवाज आना, सिरदर्द या चक्कर आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो इन्हें नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से सलाह लें। फिलहाल लोगों को सुबह और देर शाम बाहर निकलने से बचने, प्रदूषण के संपर्क को कम करने और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। दिल्ली की जहरीली हवा के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर राजधानी को प्रदूषण से राहत कब मिलेगी?