उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा बढ़ा दी है। जालौन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि बीजेपी का सीएम चेहरा कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि कमल का फूल होगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और 2027 में भी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलेगा। उनके इस बयान को मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अहम माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने किसी नेता का नाम लेने के बजाय पार्टी के चुनाव चिह्न को ही मुख्यमंत्री का चेहरा बताया।
वहीं, महिलाओं को दिसंबर में 20-20 हजार रुपये दिए जाने से जुड़े सवाल पर केशव मौर्य ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और कल्याण के लिए बीजेपी हमेशा आगे रही है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता भी जताई।
इसके अलावा, केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दोनों दलों पर तंज कसते हुए कहा कि वे चाहें तो गठबंधन कर लें और अपनी खिचड़ी पका लें, लेकिन उनकी खिचड़ी कच्ची ही रह जाएगी। उनके मुताबिक, सपा और कांग्रेस के साथ आने या अलग चुनाव लड़ने से बीजेपी की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि 2027 में भी बीजेपी सत्ता में बनी रहेगी और समाजवादी पार्टी की साइकिल को जनता पंचर कर देगी। उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री चेहरे और विपक्षी गठबंधन को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है।
अब देखना होगा कि 2027 के चुनाव में बीजेपी मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कमल के फूल के अपने इस संदेश पर कायम रहती है या चुनाव से पहले पार्टी किसी नेता के नाम का ऐलान करती है।