जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के भीतर असंतोष की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार के बाद पार्टी के करीब 10 विधायकों ने श्रीनगर में एक बार फिर बंद कमरे में बैठक की। मंगलवार, 3 नवंबर की शाम हुई यह बैठक नाराज विधायकों की दूसरी बैठक बताई जा रही है। इसमें पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी मांगें रखने और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
कैबिनेट फेरबदल समेत कई मुद्दों पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक श्रीनगर के हैदरपोरा स्थित गुलबर्ग कॉलोनी में तंगमर्ग के विधायक फारूक अहमद शाह के आवास पर हुई। इसमें लोलाब के विधायक कैसर जमशेद लोन, बिजबेहरा के विधायक डॉ. बशीर अहमद वीरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मुबारक गुल और गुरेज के विधायक नजीर अहमद गुरेजी समेत कई नेता शामिल हुए।
बैठक में प्रस्तावित कैबिनेट फेरबदल, मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव, मुख्यमंत्री के सलाहकार को हटाने और सरकार तथा पार्टी विधायकों के बीच बेहतर तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
30 अक्टूबर की बैठक का अगला हिस्सा
इससे पहले 30 अक्टूबर को भी NC के 18 विधायक कैसर जमशेद लोन के आवास पर जुटे थे। उस बैठक में संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा के बाद पार्टी नेतृत्व तक शिकायतें पहुंचाने के लिए चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बनाने का फैसला हुआ था। इस प्रतिनिधिमंडल में नजीर अहमद गुरेजी और थानामंडी के विधायक मुजफ्फर इकबाल खान को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी गई थी।
10 सूत्रीय मांगों पर दो सप्ताह का अल्टीमेटम
रिपोर्ट के मुताबिक, विधायकों ने पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला को 10 सूत्रीय मांगों का पत्र सौंपा है। इसमें मांगों को पूरा करने के लिए दो सप्ताह की समय-सीमा तय की गई है।
आगा रुहुल्लाह के इस्तीफे से भी बढ़ी हलचल
पार्टी के भीतर असंतोष के बीच आगा रुहुल्लाह के इस्तीफे ने भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर बीजेपी के सामने झुकने का आरोप लगाया और कहा कि चुनावी घोषणापत्र, पार्टी तथा जम्मू-कश्मीर की जनता के मुद्दों को हाशिए पर रखा गया है।
लगातार हो रही बैठकों और विधायकों की मांगों के बीच अब नजर इस बात पर है कि NC नेतृत्व इन शिकायतों पर क्या कदम उठाता है और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सरकार के भीतर समन्वय कैसे बेहतर होता है।