बिहार में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) में हलचल तेज हो गई है। चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन और अंदरूनी नाराजगी के बीच गुरुवार को जेडीयू की अहम समीक्षा बैठक होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता नीतीश कुमार करेंगे। इसमें चुनाव में मिली हार के कारणों पर चर्चा के साथ आगे की राजनीतिक रणनीति भी तय की जा सकती है।
सुबह 11 बजे पार्टी कार्यालय में होगी बैठक
जेडीयू की यह बैठक सुबह 11 बजे पार्टी कार्यालय में आयोजित होगी। इसमें नीतीश कुमार के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, वरिष्ठ नेता और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। चुनाव जीतने और हारने वाले उम्मीदवारों को भी बैठक में बुलाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य विधान परिषद चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा करना और संगठन को मजबूत करने के लिए आगे की रणनीति तैयार करना है।
दरअसल, विधान परिषद चुनाव में एनडीए का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। आठ सीटों पर चुनाव लड़ने वाले गठबंधन को केवल तीन सीटों पर जीत मिली। जेडीयू ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसे तीन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।
निर्दलीय उम्मीदवारों के बीजेपी में जाने से नाराजगी
चुनाव के बाद जेडीयू के भीतर नाराजगी की चर्चा भी तेज है। पार्टी के उम्मीदवारों को हराने वाले निर्दलीय एमएलसी बंशीधर बृजवासी और राहुल राज के बीजेपी में शामिल होने की खबरों ने दोनों सहयोगी दलों के बीच असहजता बढ़ाई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जेडीयू इस मुद्दे पर बीजेपी को कोई सख्त संदेश देगी।
बैठक में संगठनात्मक बदलाव, नेताओं की जिम्मेदारियों और दूसरे राज्यों में होने वाले चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा संभव है। निशांत कुमार की आगे की भूमिका को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
अभिषेक झा के अगले कदम पर टिकी नजरें
इस बैठक के बाद जेडीयू नेता अभिषेक झा की प्रतिक्रिया पर भी सबकी नजर रहेगी। अभिषेक झा तिरहुत स्नातक सीट से उम्मीदवार थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। यह उनकी लगातार दूसरी चुनावी हार बताई जा रही है।
चुनाव परिणाम के बाद अभिषेक झा और सारण शिक्षक सीट से हारे आनंद पुष्कर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे। हालांकि, गुरुवार की समीक्षा बैठक को देखते हुए उन्होंने इसे टाल दिया। अभिषेक ने पहले संकेत दिया था कि बैठक के बाद वह मीडिया से बातचीत कर सकते हैं। ऐसे में देखना होगा कि वह अपनी हार और पार्टी की रणनीति को लेकर क्या कहते हैं।