मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन शुक्रवार को दिल्ली में सांकेतिक जन महाभियोग कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में करीब 20 विपक्षी दलों के 30 वक्ता हिस्सा लेंगे। हालांकि, अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने इस कार्यक्रम से दूरी बना ली है। इसके अलावा DMK और आम आदमी पार्टी (AAP) भी इसमें शामिल नहीं होंगी।
खड़गे के आवास पर होगा कार्यक्रम
INDIA गठबंधन का यह कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर दोपहर 3:30 बजे आयोजित किया जाएगा। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। मल्लिकार्जुन खड़गे प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि राहुल गांधी समापन भाषण देंगे।
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल शामिल होंगे। तृणमूल कांग्रेस की ओर से डेरेक ओ'ब्रायन, समाजवादी पार्टी से हरेंद्र मलिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा से महुआ माजी, CPI(M) से जॉन ब्रिटास और RJD से अभय सिन्हा हिस्सा लेंगे।
सपा और TMC को मिलेगा 10 मिनट का समय
कार्यक्रम में लगभग 30 वक्ताओं को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। हर विपक्षी दल की ओर से एक प्रतिनिधि बोलेंगे। समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधियों को 10-10 मिनट दिए जाएंगे, जबकि अन्य दलों के प्रतिनिधियों के लिए पांच-पांच मिनट निर्धारित किए गए हैं।
इस कार्यक्रम में राजनीतिक नेताओं के अलावा नागरिक समाज के सदस्य और मतदाता सूची में बदलाव से प्रभावित नागरिक भी अपनी बात रखेंगे।
किन दलों ने बनाई दूरी?
इस सांकेतिक विरोध कार्यक्रम में DMK, TVK और आम आदमी पार्टी शामिल नहीं होंगी। वहीं, CPI समेत कई विपक्षी दल इसमें सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। बीजू जनता दल (BJD) को भी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष एकजुट
INDIA गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं। इसी मुद्दे पर गठबंधन पहले भी विरोध प्रदर्शन कर चुका है।
अब दिल्ली में होने वाला यह सांकेतिक जन महाभियोग कार्यक्रम चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर विपक्ष के विरोध को एक मंच पर लाने की कोशिश है।